दीक्षांत समारोह विवरण

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर

तृतीया दीक्षांत समारोह

कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ का संदेश

यह अत्यंत गर्व एवं सौभाग्य का विषय है कि एम्स रायपुर 2 सितंबर 2026 को अपना तृतीय दीक्षांत समारोह आयोजित कर रहा है। दीक्षांत समारोह केवल उपाधियाँ प्रदान करने का एक औपचारिक अवसर नहीं है, बल्कि यह दृढ़ता, उपलब्धि तथा शिक्षा की परिवर्तनकारी शक्ति का उत्सव है। यह हमारे स्नातकों के जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव का प्रतीक है और शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं रोगी देखभाल में उत्कृष्टता के प्रति हमारे संकाय, कर्मचारियों एवं सभी हितधारकों की सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है। हमारे द्वितीय दीक्षांत समारोह के बाद से यह अवधि उल्लेखनीय प्रगति एवं उपलब्धियों से परिपूर्ण रही है। एम्स रायपुर ने NIRF 2025 मेडिकल रैंकिंग में 31वाँ स्थान प्राप्त किया है, जो वर्ष 2024 में 38वें स्थान से उल्लेखनीय सुधार है। यह उपलब्धि देश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में एम्स रायपुर के निरंतर उभरते स्थान की पुष्टि करती है।संस्थान स्वास्थ्य सेवा में नवाचार एवं प्रौद्योगिकी-आधारित रोगी देखभाल के क्षेत्र में एक राष्ट्रीय अग्रणी संस्थान के रूप में स्थापित हुआ है। 'देव हस्त', मध्य भारत के प्रथम सरकारी क्षेत्र के रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम का शुभारंभ, उन्नत चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। वहीं, SRIJAN पहल के अंतर्गत AI Lab एवं Deployment Centre की स्थापना स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा एवं अनुसंधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के एकीकरण की हमारी दूरदर्शी सोच को प्रतिबिंबित करती है।हमने विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं का भी विस्तार किया है, मान्यता एवं गुणवत्ता संबंधी पहलों के माध्यम से नैदानिक उत्कृष्टता को सुदृढ़ किया है तथा नवीन जन-स्वास्थ्य पहलों की शुरुआत की है। इनमें भारत कोष समर्थित आपातकालीन चिकित्सा सामग्री की हवाई आपूर्ति पहल भी शामिल है, जिसका उद्देश्य दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को बेहतर बनाना है। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के अंतर्गत स्थापित, एम्स रायपुर स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में निरंतर विकसित हो रहा है। साथ ही, यह छत्तीसगढ़ एवं पड़ोसी राज्यों के लोगों को सुलभ, किफायती एवं उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के अपने मिशन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समकालीन स्वास्थ्य चुनौतियों का समाधान करने एवं रोगी उपचार के परिणामों में सुधार लाने के लिए संस्थान ने नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, उन्नत प्रौद्योगिकियों तथा बहुविषयक सहयोग को निरंतर अपनाया है।इन उपलब्धियों को हमारे संकाय सदस्यों, रेजिडेंट्स, नर्सिंग अधिकारियों, विद्यार्थियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अथक समर्पण के बिना प्राप्त करना संभव नहीं था। उनकी प्रतिबद्धता, व्यावसायिक दक्षता एवं सेवा भावना संस्थान को निरंतर सशक्त करती है तथा उन मूल्यों को बनाए रखती है जो एम्स रायपुर की पहचान हैं। DM/MCh, MD/MS/MDS, MBBS, M.Sc., B.Sc. (Hons) Nursing, MPH, Paramedical एवं Allied Health Sciences कार्यक्रमों से स्नातक होने वाले सभी विद्यार्थियों को मैं हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ।जब आप अपने व्यावसायिक जीवन की नई यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं, तब करुणा, सत्यनिष्ठा, उत्कृष्टता एवं सेवा के उन मूल्यों को सदैव अपने साथ लेकर चलें, जिन्हें एम्स रायपुर ने आपमें विकसित करने का प्रयास किया है। स्वास्थ्य सेवा के इस महान एवं मानवीय पेशे की गरिमामयी परंपराओं को सदैव बनाए रखें।मैं आप सभी के उज्ज्वल भविष्य, सफलता, संतुष्टि एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियों की हार्दिक कामना करता हूँ।

"जय हिन्द"
लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल,
पीवीएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम (सेवानिवृत्त) कार्यकारी निदेशक और सीईओ,
एम्स रायपुर

मुख्य संरक्षक:

डॉ. जॉर्ज ए. डिसूजा अध्यक्ष, एम्स रायपुर

संरक्षक:

लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल पीवीएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम (सेवानिवृत्त) कार्यकारी निदेशक और सीईओ, एम्स रायपुर

उप-संरक्षक:

डॉ. आलोक सी अग्रवाल डीन अकादमिक, एम्स रायपुर
डॉ.सरिता अग्रवाल डीन रिसर्च, एम्स रायपुर
डॉ एली महापात्रा डीन परीक्षा, एम्स रायपुर
डॉ. कृष्णदत्त चावली डीन छात्र कल्याण, एम्स रायपुर

कार्यक्रम का संचालक:

श्री कुणाल शर्मा, उप निदेशक (प्रशासन), एम्स रायपुर

कार्यक्रम संचालक:

डॉ एकता खंडेलवाल प्रोफेसर फिजियोलॉजी, एम्स रायपुर

खबर और आयोजन